इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, इटारसी में आज राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
स्थापना दिवस के मौके पर स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व को दर्शाती हुई एक पोस्टर प्रदर्शनी लगाई और भाषण दिए। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों को संबोधित करते हुए, कार्यक्रम अधिकारी (बालक इकाई) डॉ. आशुतोष मालवीय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के बी और सी प्रमाण पत्र की महत्ता के बारे में जानकारी दी।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरविंद कुमार ने स्वयंसेवकों को प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से उन्हें अपने व्यक्तित्व का इतना विकास करना चाहिए कि वे समाज और देश के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने कहा, ‘हम भले ही मिट्टी में मिल जाएं, पर अपना देश रहना चाहिए।’
प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के मुख्य उद्देश्य ‘समाज सेवा के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास’ पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि यह योजना युवाओं को उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने और उनके व्यक्तित्व को नई ऊंचाइयां प्रदान करने के लिए बनाई गई है। उन्होंने स्वयंसेवकों को सिर्फ सामाजिक ही नहीं, बल्कि आर्थिक, राजनीतिक, आध्यात्मिक और स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं में भी खुद को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में राजेश्वरी दुबे, संजय चौरे, दुर्गा चौरे, निशांत चौधरी, अभिमन्यु चौरे सहित कई स्वयंसेवकों ने अपने विचार रखे। प्रिया गिरी गोस्वामी, हिमांशी यादव और राजेश्वरी दुबे ने पोस्टर प्रदर्शनी के जरिए राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और लक्ष्यों को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. एकता राय ने किया और डॉ. आशुतोष मालवीय ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी (बालिका इकाई) डॉ. लक्ष्मी ठाकुर, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुसन मनोहर, डॉ. पीके अग्रवाल, डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. मनीष चौरे, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. बस्सा और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे।









