रितेश राठौर, केसला। क्षेत्रीय विकास और किसानों की समृद्धि को नई गति देने के उद्देश्य से ग्राम चांदकिया (साधपुरा) में बहुप्रतीक्षित विद्युत परियोजना का भव्य शुभारंभ हुआ। मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड नर्मदापुरम के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी एवं सिवनी मालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने विधिवत पूजन-अर्चन कर परियोजना की आधारशिला रखी।
निर्बाध बिजली से रोशन होगा ग्रामीण अंचल
इस परियोजना का सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलेगा। लंबे समय से कम वोल्टेज और अघोषित कटौती की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण क्षेत्रों में अब गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए संकल्पित है। वहीं विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने इसे क्षेत्रीय विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि बेहतर बिजली आपूर्ति से कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
इस अवसर पर महंत गोविंद दास कथावाचक, सुशील बरकड़े भाजपा केसला मंडल अध्यक्ष, गंगाराम कलमे जनपद अध्यक्ष केसला, सीमा कास्दे जिला पंचायत सदस्य, जगदीश बावरिया एवं अजय साहू मंडल महामंत्री, अशोक साहू पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं रामकिशोर यादव जिला कार्यकारिणी सदस्य सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।









