इटारसी। अयोध्या धाम में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण की चौथी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 22 जनवरी 2026 को शहर में एक प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर दादा दरबार धाम प्राचीन हनुमान मंदिर भगत सिंह नगर में श्री राम प्रभात फेरी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
ब्रह्म मुहूर्त में होगा शुभारंभ
मंडल के प्रमुख सदस्य इंदर मेहरा ने बताया कि यह प्रभात फेरी सुबह 4:30 बजे दादा दरबार धाम से प्रारंभ होगी। यात्रा बजरंगपुरा, गांधीनगर, चामुंडा चौराहा होते हुए श्री द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचेगी। यहां पूजा-अर्चना के बाद पोर्टर खोली हनुमान धाम और राज टॉकीज मार्ग से होते हुए पुन: दादा दरबार धाम पर संपन्न होगी।
भजन मंडल और हजारों भक्त होंगे शामिल
इस धार्मिक आयोजन में इटारसी शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों राम भक्त शामिल होंगे। पूरी यात्रा के दौरान भजन मंडलियां प्रभु के भजनों की प्रस्तुति देंगी। समापन पर महाआरती, हनुमान चालीसा का पाठ, श्री राम स्तुति और विशाल प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
बैठक में दादा दरबार धाम के पुजारी दुर्गादास, गरीबदास चौरे, मुन्ना पाल, इंदर सिंह मेहरा, राजेश राठौर और अन्य सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में आकाश अमरोही, रामस्वरूप मालवीय, राजेंद्र सिंह सेंगर, डीके मेहरा, गुड्डू सराठे, तानसिंह सैनी, दीपक नागरे, बंटी ठाकुर और गिरीश पटेल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित थे।








