इटारसी। शहर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. ताबिश अरोरा ने अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। यह शिविर आज रविवार को उनके गुरुनानक क्लिनिक में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। इस सार्थक पहल से करीब 72 पुरुष और महिलाओं ने लाभ उठाया।

शिविर में आए सभी मरीजों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें शुगर और ब्लड प्रेशर (BP) जैसी जाँचें भी निशुल्क की गईं। डॉ. अरोरा ने स्वयं हर एक मरीज का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिकों भी अपनी जांच करवाई इनमें विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल चौरे, जगदीश मालवीय, संदेश पुरोहित, हरीश अग्रवाल, राजेश अरोरा, सुरेंद्र अग्रवाल, नितिन व्यास, नगर भाजपा महामंत्री शैलेंद्र दुबे और आदित्य गांधी प्रमुख थे।

विधायक डॉ. शर्मा ने डॉ. अरोरा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि अपने माता-पिता की स्मृति में किया गया यह आयोजन मानव सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह पहल दूसरों को भी ऐसे नेक कार्यों के लिए प्रेरित करेगी। यह शिविर डॉ. अरोरा की समाज सेवा और स्वास्थ्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसने शहर के लोगों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।









