इटारसी । मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (MP ट्रांसको) के इटारसी स्थित वरिष्ठ लाइन कार्मिक गप्पू सिंह को मुख्यालय जबलपुर में एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया है।
उन्हें यह सम्मान चिलचिलाती गर्मी में 400 के.व्ही. ट्रांसमिशन लाइनों के क्षतिग्रस्त टावरों की जल्द से जल्द मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया गया है।
क्या था मामला?
इस साल की भीषण गर्मी के दौरान, जब तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक था, MP ट्रांसको की 400 केव्ही भोपाल-इटारसी और 400 केव्ही बीना-भोपाल लाइनों के कई टावर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। ये लाइनें राजधानी भोपाल से जुड़ी होने के कारण अत्यंत महत्वपूर्ण थीं। गप्पू सिंह ने इन क्षतिग्रस्त टावरों की मरम्मत और बिजली बहाली के काम को न्यूनतम संभव समय में पूरा करने के लिए MP ट्रांसको की अलग-अलग टीमों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया।
उनके इस सराहनीय प्रयास की बदौलत भोपाल-इटारसी की 400 के.व्ही. बिजली सप्लाई जल्द से जल्द बहाल की जा सकी।प्रशंसा और सम्मानउनके इस विशिष्ट कार्य के लिए जबलपुर में आयोजित एक समारोह में MP ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने गप्पू सिंह को प्रशस्ति पत्र, सिल्वर मेडल और नकद राशि देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके समर्पण और कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।









