इटारसी। जमानी जन शिक्षा केंद्र में जीनियस प्लानेट एजुकेशन सोसाइटी ने एक नेक पहल की। बाल दिवस के अवसर पर, लायंस क्लब समर्पण के सहयोग से, जमानी जन शिक्षा केंद्र के तहत आने वाले प्राइमरी स्कूल नजरपुर और आसपास के अन्य प्राथमिक स्कूलों के 100 से अधिक विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए गए।
सोसाइटी के संचालक जाफर मनीता सिद्दीकी ने इस अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, जब इन विद्यार्थियों को स्वेटर मिले, तब इनके चेहरे की खुशी देखकर मन को प्रसन्नता हुई और लगा यही है उस खुदा की इबादत, ईश्वर की सेवा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें यह सेवा का अवसर सदैव मिलता रहे। सिद्दीकी ने स्कूल की मांग पर विद्यार्थियों के बैठने के लिए डेस्क देने की भी घोषणा की, जिसे इसी माह प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित डीपीसी डॉ. राजेश जैसवाल ने बच्चों को महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा सच बोलने और अपने परिवार के सदस्यों को गुटका, तंबाकू जैसे मादक पदार्थों का उपयोग न करने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बच्चों को बचे हुए पैसे गुल्लक में डालने, स्वच्छता बनाए रखने और मन लगाकर शिक्षा प्राप्त करने की समझाइश दी। इस विशेष अवसर पर जीनियस सोसाइटी के पदाधिकारी सुनील सचान, कार्यक्रम आयोजक जन शिक्षा केंद्र के राजकुमार बघेल, श्रीमती चेतना राठौर के साथ-साथ स्कूल स्टाफ और अभिभावक भी मौजूद रहे।








