नर्मदापुरम। मां नर्मदा जन्मोत्सव और नगर के गौरव दिवस को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगरपालिका ने कमर कस ली है। उत्सव के मद्देनजर शहर के प्रमुख घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं सीएमओ हेमेश्वरी पटले के निर्देशन में विगत एक सप्ताह से घाटों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। नोडल अधिकारी दीक्षा तिवारी ने बताया कि घाटों पर जमी मिट्टी को हटाने के लिए वाटर प्रेशर मोटरों से धुलाई की जा रही है। सफाई के साथ-साथ घाटों की पुताई और सौंदर्यीकरण का कार्य भी शुरू हो चुका है।
प्रतिबंध और जुर्माना
नपाध्यक्ष ने नागरिकों से उत्सव की गरिमा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों पर पॉलिथीन, साबुन और शैंपू का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। नर्मदा तट को स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सेठानी घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा और विशेष महाआरती का आयोजन भी होगा।









