इटारसी। जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्वावलंबन की राह दिखाने के लिए एक बड़े युवा संगम – रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार कार्यालय के तत्वावधान में यह मेला बुधवार, 18 फरवरी को आयोजित होगा।
रोजगार मेले का आयोजन भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा के परिसर में किया जाएगा। मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को न केवल स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है, बल्कि उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार और अप्रेंटिसशिप के प्रत्यक्ष अवसर प्रदान करना है।
कई विभाग और नामी कंपनियां होंगी शामिल
इस मेले की खास बात यह है कि इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग सहित शासन के विभिन्न विभाग अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साथ ही, निजी क्षेत्र की कई बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियां अपनी टीम के साथ सुखतवा पहुंचेंगी, जो साक्षात्कार के माध्यम से युवाओं का सीधे चयन करेंगी।
ज्यादा से ज्यादा उठाएं लाभ
महाविद्यालय के प्राचार्य नीता राजपूत ने इस मेले की सफलता के लिए क्षेत्र के सभी शैक्षणिक संस्थानों में सघन प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों से भी विशेष अपील की है कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाएं। प्राचार्य ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि इस ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र का हर योग्य विद्यार्थी इस मेले का लाभ उठाए और अपने पैरों पर खड़ा हो सके।









