इटारसी। रेलवे प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में जीआरपी इटारसी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर चोर और उसके किशोर साथी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4,25,000 रुपये आंकी गई है ।
नर्मदापुरम स्टेशन से शुरू हुई जांच
कार्रवाई का सिलसिला 10 जनवरी 2026 को दर्ज हुई एक शिकायत से शुरू हुआ। नर्मदापुरम निवासी रोहन पवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह अपने भाई को ट्रेन में बैठाने गया था, तब प्लेटफॉर्म नंबर 2 के बाहर से उसकी स्प्लेंडर बाइक एमपी 47 एमएफ 8159 चोरी हो गई थी। इस मामले में जीआरपी चौकी नर्मदापुरम में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था ।
रामजी बाबा मंदिर के पास घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल, राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मामले की पड़ताल शुरू की। 21 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि रामजी बाबा मंदिर के पास दो संदिग्ध व्यक्ति बहुत कम कीमत पर मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया ।
आरोपियों का प्रोफाइल और बरामदगी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बसंत चौहान 24 वर्ष निवासी रेहटी, जिला सीहोर और एक 17 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। मुख्य आरोपी बसंत के घर से 3 अन्य बाइकें भी बरामद की गईं।
बरामद मोटरसाइकिल
एमपी 47 एमएफ 8159 कीमत 90,000 रुपए
एमपी 05 एमआर 3835 कीमत 90,000 रुपए
एमपी 05 एमडी 9961 कीमत 90,000 रुपए
एमपी 47 एमएफ 7246 कीमत 80,000 रुपए
एमपी 37 एमई 5104 कीमत 75,000 रुपए
पुलिस टीम होगी पुरस्कृत
इस कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुरेश राज, सउनि माखनलाल कीर, और आरक्षक विष्णुमूर्ति शुक्ला सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही । पुलिस अधीक्षक रेल ने इस टीम को विशेष रूप से पुरस्कृत करने की घोषणा की है ।









