इटारसी। रंगों के उत्सव रंग पंचमी की पूर्व संध्या पर शनिवार को नगर के सुप्रसिद्ध हनुमान धाम मंदिर में ब्रज की होली का जीवंत दृश्य देखने को मिला। यहां श्रद्धा और उल्लास के अनूठे संगम के बीच भक्तों ने भगवान के साथ फूलों की होली खेली, जिससे पूरा मंदिर परिसर सुगंध और भक्ति के रंगों से महक उठा।
दोपहर में गुलाल, शाम को फूलों की बौछार
उत्सव की शुरुआत दोपहर से ही हो गई थी, जब बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने ढोल-मजीरों की थाप और मधुर भजन-कीर्तन के साथ एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। जैसे-जैसे शाम ढली, आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया। शाम 7 बजे से विशेष फूलों की होली का भव्य आयोजन शुरू हुआ।
फाग गीतों पर थिरके भक्त
पारंपरिक फाग गीतों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज और अन्य देवी-देवताओं के विग्रहों पर पुष्प वर्षा की। मंदिर समिति के सदस्य लखन बेस ने बताया कि हनुमान धाम में प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जाता है, जिसका उद्देश्य स्थानीय भक्तों को ब्रज की पारंपरिक होली का अनुभव कराना है।
श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
इस मनमोहक दृश्य का साक्षी बनने के लिए शहर के कोने-कोने से बच्चे, बुजुर्ग और युवा हनुमान धाम पहुंचे। फूलों की पंखुडिय़ों से सजे मंदिर के गर्भगृह और चारों ओर बिखरी खुशबू ने वातावरण को अलौकिक बना दिया। आरती के पश्चात सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।









