रितेश राठौर केसला। दीवाली के पहले पहल स्वास्थ्य संगठन ने जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां भरने का एक सराहनीय कदम उठाया है। ‘इस दिवाली खुशियों वाली’ अभियान के तहत संस्था ने 18 अक्टूबर 2025 को नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक के आदिवासी अंचलों में बच्चों को दिवाली की सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम ढोंगापुरा और ग्राम पीपालपुरा में बच्चों को नए कपड़े, खिलौने, मिठाई, मिट्टी के दीये और तेल बांटे गए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी उल्लास के साथ पर्व मना सकें। संस्था के संचालक राहुल बैनर्जी ने बताया कि दिवाली खुशियों का त्योहार है और हमारा उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि यह पहल अब केवल नर्मदापुरम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश के 29 जिलों में जरूरतमंद बच्चों तक खुशियां पहुंचाने के लिए चलाई जाएगी।
पहल स्वास्थ्य संगठन बीते वर्षों से स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संस्था ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समाज सेवा के इस अभियान से जुड़ें और जरूरतमंदों की मदद में योगदान दें। इस पहल ने केसला क्षेत्र के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। सच में, इस बार उनकी दिवाली बन गई ‘खुशियों वाली दिवाली’।








