पिपरिया। पिपरिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शातिर गिरोह को पकडऩे में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हाथरस से गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर बस में हुई चोरी का खुलासा किया है।
घटना का विवरण
मामला 6 अगस्त 2025 का है, जब फरियादी राजेश वर्मा की पत्नी अपने पिता के साथ नर्मदापुरम से सेमरी किशोर जा रही थीं। पिपरिया बस स्टैंड पर बस बदलते समय उन्होंने अपना बैग सीट पर रखा और फल खरीदने नीचे उतरीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने बैग से जेवर और नकदी से भरा छोटा पर्स पार कर दिया।
सीसीटीवी और तकनीक से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईं कृष्ण एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी मोहित कुमार यादव के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान बाबी दर्जी, मेघ सिंह कुशवाहा और नंदकिशोर यादव निवासी जिला हाथरस, यूपी के रूप में की।
70,000 रुपये नकद बरामद
आज 17 फरवरी 2026 को पुलिस ने गिरोह के मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने चोरी के जेवर आगरा की तरफ एक सुनार को बेचे थे। पुलिस ने अब तक चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 70,000 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। जेवर खरीदने वाला सुनार फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, सउनि सुशील कुशवाहा, और साइबर सेल के आरक्षक जितेन्द्र सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









