इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज सूखा सरोवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कुपोषित बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्य चिकित्सकीय अधिकारी डॉ. आरके चौधरी एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती दीप्ति शुक्ला के मार्गदर्शन में संचालित हुआ। शिविर में सेक्टर 1 एवं सेक्टर 2 के बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई।
कुल 48 बच्चों की जांच डॉ. शांभवी पालीवाल एवं पोषण प्रशिक्षक श्रीमती मुक्ता नागले द्वारा की गई। इस दौरान 20 कुपोषित बच्चों को एनआरसी रेफर किया तथा अन्य बच्चों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर विशेषज्ञों ने अभिभावकों को विशेष परामर्श दिया, ताकि भविष्य में कुपोषण की समस्या को प्रभावी ढंग से कम किया जा सके।
स्वास्थ्य शिविर में पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना बस्तवार एवं श्रीमती रेखा चौरे सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार करना, कुपोषण की समस्या को कम करना तथा नागरिकों को स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।









