इटारसी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे हेतु भारी बारिश का अलर्ट और चेतावनी जारी की है। तवा बांध के जल संग्रहण क्षेत्र में हो रही निरंतर वर्षा से बांध में जल की आवक को देखते हुए, तवा बांध के बढ़ते जलस्तर को स्थिर रखने हेतु बांध प्रबंधन द्वारा आज प्रात: 7 बजे से तवा बांध के 9 गेटों को 7 फीट तक खोलकर 100224 क्यूसेक अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही है।
इसके अलावा पावर हाउस को भी बिजली बनाने के लिए 3600 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। इस तरह से कुल 103824 क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही बरगी जलाशय से भी 15 गेट 2.16 मीटर तक खोलकर 4328 क्यूमेक अतिरिक्त जल की निकासी की जा रही हैं। इन बांधों के पानी से नर्मदा और तवा नदी के जलस्तर में इजाफा होगा।
पिछले चौबीस घंटे में तवा बांध के जलग्रहण क्षेत्र में 41.80 मिमी वर्षा हुई है। आज सुबह 7 बजे बांध का जलस्तर 1159.80 दर्ज किया गया है। कार्यपालन यंत्री तवा परियोजना संभाग इटारसी ने तवा एवं नर्मदा नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने का आग्रह किया है।









