इटारसी। मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट ने मंगलवार को नर्मदापुरम जिले के केसला विकासखंड के ग्राम पंचायत तीखड़ में झाड़बीडा उद्वहन सिंचाई परियोजना अंतर्गत पंप हाउस क्रमांक 2 के अंतर्गत 4 पंपों का भूमिपूजन किया। इटारसी के पास ग्राम तीखड़ में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री सिलावट ने पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया।
परियोजना से 79 गांव लाभान्वित
केसला विकासखंड के ग्राम तीखड में स्थित झाड़बीड़ा सिंचाई परियोजना से 79 गांव के 19 हजार 858 किसान लाभान्वित होंगे। उक्त परियोजना की सिंचाई क्षमता 15 हजार 610 हैक्टेयर तक की है, साथ ही यह 177, 58 करोड़ की लागत से निर्मित किया जाएगा। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जल है तो कल है, जल से प्रगति है। जल है तो किसानों का विकास भी है। जल का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। पहले जब हम कहीं जाते थे तब अपने आसपास तालाब, बावड़ी, कुंओं एवं नालों को जल से लबालब देखा करते थे। आज तालाबों में कालोनियां बन गई हैं। केंचमेंट एरिया समाप्त हो गया है। पहले 20 फीट में ही जल प्राप्ति हो जाती थी। लेकिन आज का जल स्तर इतना नीचे गिर गया है कि अब हमें 250 से 300 फीट तक खुदाई पर भी पानी नहीं मिलता। यदि हमने आज जल का संरक्षण एवं संवर्धन नहीं किया तो आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी।
50 लाख हैक्टेयर में सिंचाई
उन्होंने कहा कि पहले मध्यप्रदेश में 07 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी। अब शासन ने इसे बढ़ाकर 50 लाख हैक्टेयर कर दिया है। आगामी 02 साल में इसे बढ़ाकर 65 लाख हैक्टेयर एवं 05 साल में 1 लाख करोड़ हैक्टेयर तक कर दिया जाएगा। मंत्री श्री सिलावट ने कहा हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी ने नदी जोडऩे का सपना देखा था। उस सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे हंै। वर्ष 2047 तक भारत एवं मध्यप्रदेश विकसित राष्ट्र एवं राज्य की श्रेणी में आ जाएगा। पहले लोग एक एक बूंद पानी को तरसते थे लेकिन आज शासन ने सिंचाई सुविधाओं का बहुत विस्तार किया है। हरदा एवं नर्मदापुरम जिले के 82 हजार हैक्टेयर के क्षेत्र में तवा नहर से मूंग फसल के लिए पानी दिया जाता है। मंत्री ने मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग राजा राम मीना को निर्देश दिए कि जितनी भी कच्ची नहरें हैं उन्हें पक्की एवं दुरस्त करने के लिए प्रस्ताव भिजवाएं।

सिवनीमालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने कहा कि सिवनीमालवा क्षेत्र को 3 बड़ी परियोजनाओं की सोगात मिली है। झाड़बीड़ा परियोजना, दौड़ी झुनकर परियोजना एवं गंजाल मोरंड नदी सिंचाई परियोजना। इन से सिवनीमालवा क्षेत्र के गांव को सिंचाई के लिए जल की प्राप्ति होगी। हमारे पास नर्मदा एवं हतेड नदी का वरदान है। विधायक ने कहा कि हथनापुर आंवलीघाट सिंचाई योजना की भी बहुत आवश्यकता है। कई नहरों का सीमेंटीकरण नहीं होने से पानी अनावश्यक बहता है। जहां सीपेज की स्थिति है वहां पर नहर का सीमेंटीकरण किया जाए। तीखड़ से धुरगाड़ा तक सडक़ निर्माण की मांग की। श्रीमती प्रीति शुक्ला ने आह्वान किया कि सभी व्यक्ति नहर, कुंओं, बावड़ी एवं नालों पर श्रमदान करें। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता श्री राजा राम मीना ने जल संसाधन विभाग के द्वारा किए जा रहे कार्यो का ब्योरा दिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत केसला के अध्यक्ष गंगा राम कलमे, जनपद पंचायत सिवनी मालवा के अध्यक्ष रेणुका मंडलोई, रीतेश जैन, जय किशोर चौधरी, योगेन्द्र सिंह राजपूत, शंभू सिंह भाटी, धर्मेन्द्र राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।