इटारसी। मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ (अयास) की एक आवश्यक और महत्वपूर्ण बैठक 21 फरवरी, शुक्रवार को रानी दुर्गावती नगर स्थित अयास कार्यालय वार्ड नंबर 03 में होगी। बैठक में समाज और संगठन से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर रणनीति तैयार की जाएगी।
जर्जर स्कूलों का मुद्दा और ज्ञापन पर होगा निर्णय
बैठक का मुख्य एजेंडा क्षेत्र के स्कूलों की बदहाली है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कई स्कूलों की हालत अत्यंत जर्जर है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा प्रभावित हो रही है। बैठक में इन विद्यालयों के नवनिर्माण को लेकर चर्चा की जाएगी और इस संबंध में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने हेतु ठोस निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा के साथ-साथ संगठन की मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती के लिए नई नियुक्तियों और कार्यकारिणी के विस्तार पर निर्णय, आने वाले समय में आयोजित होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी, समाज के अन्य महत्वपूर्ण और लंबित मुद्दों पर भी सदस्यों की राय ली जाएगी। मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ ने समस्त सामाजिक गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे निर्धारित स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाएं और समाज हित में अपना सुझाव दें।










