इटारसी। तवा नगर थाना क्षेत्र के ग्राम 28 चिचा में घरेलू विवाद के चलते एक पुत्र ने अपने पिता की लकड़ी से मारकर हत्या कर दी। घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। तवा नगर थाना प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि केसला थाने से डायरी जीरो पर मामला दर्ज होकर तवा नगर थाने पहुंचा। जांच में पता चला कि मृतक छोटे लाल की हत्या उसके बेटे कलीराम ने की।
ऐसे खुलासा हुआ मामला
प्रभारी संजय पांडे के अनुसार, जांच के दौरान मृतक की पत्नी समोती बाई के बयान से पूरा मामला सामने आया। घटना वाली रात छोटे लाल, उनकी पत्नी समोती बाई, बड़ा बेटा कलीराम और परिवार आग ताप रहे थे। तभी घरेलू विवाद हो गया। गुस्से में कलीराम ने पास पड़ी लकड़ी से पिता के सिर पर मार दी ।घायल छोटे लाल को उनका नाती संजय सुखतवा अस्पताल ले गया। अस्पताल में संजय ने डॉक्टरों को गाड़ी स्लिप होने से चोट लगने की बात बताई, लेकिन जांच में यह झूठ सामने आया। पुलिस ने आरोपी कलीराम को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच जारी क़र रही है।








