इटारसी। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े संगठन वैश्य महासम्मेलन की महिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल के निवास पर हुई। इस बैठक में मुख्य रूप से इटारसी तहसील की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती अंजू गुप्ता का पुष्पहार और पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि अंजू गुप्ता की नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में वैश्य महासम्मेलन तहसील स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुएगा और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएगा। भविष्य की योजनाओं पर हुआ मंथन बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें मुख्य रूप से संगठन की गतिविधियों को गति देने के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। साथ ही, सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने और संगठन की वित्तीय स्थिति सुदृढ़ करने हेतु अभियान चलाने पर सहमति बनी। बैठक में आगामी त्योहारों, विशेषकर मकर संक्रांति और बसंत पंचमी के आयोजन को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई।
सदस्यों ने जिलाध्यक्ष श्रद्धा अग्रवाल और नवनियुक्त अध्यक्ष अंजू गुप्ता के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए संगठन की सफलता की शुभकामनाएं दीं। बैठक में जयश्री, रेखा अग्रवाल, रंजीता, मंजुला, भावना अग्रवाल, आशा भारद्वाज, रीना बंग, डॉली गुप्ता और डॉ. पूजा गुप्ता सहित संगठन की अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहीं। श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।









