इटारसी। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सूरजगंज में विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। यह अतिरिक्त कक्ष स्रूष्ठष्ट योजना के अंतर्गत 16.30 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। इस अवसर पर, डॉ. शर्मा ने स्कूल की हॉकी एवं फुटबॉल की खिलाड़ी छात्राओं को खेल किट का वितरण किया। दूर-दराज के गाँवों से अध्ययन करने आती छात्राओं को उनकी परेशानी को समझते हुए उनको साइकिलें भी प्रदान की गई।
विकास कार्यों का उल्लेख
डॉ. शर्मा ने स्कूल के विकास के लिए लगातार काम किया है, जिसमें खेल मैदान, स्कूल प्रांगण में सड़क निर्माण, एवं अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराना शामिल है। स्कूल परिवार की ओर से कहा गया कि विधायक प्रतिनिधि जसवीर सिंह छावड़ा के माध्यम से विधायक डॉ. शर्मा स्कूल के विकास में निरंतर प्रयास करते रहते हैं।
अतिरिक्त कक्ष की जानकारी
अतिरिक्त कक्ष की स्वीकृति वर्ष 2024-25 में हुई जिसके लिए 16.30 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई थी। यह अतिरिक्त कक्ष विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने में सहायक होगा। इस अवसर पर, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह अतिरिक्त कक्ष छात्रों के लिए सुविधाएं बढ़ाएगा और स्कूल को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तैयार करने में सहयोग करेगा। विधायक प्रतिनिधि जसवीर सिंह छावड़ा ने भी समिति के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया। विद्यालय परिवार ने शासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि वे इस नई सुविधा का उपयोग छात्रों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में करेंगे।









