इटारसी। ‘विधिक सेवा सप्ताह-न्यायोत्सव’ कार्यक्रम के तहत आज 13 नवंबर 2025 को इटारसी में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जीवोदय बालिका गृह, नेहरूगंज का निरीक्षण किया और बालिकाओं के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अनीता खजूरिया, प्रथम जिला न्यायाधीश इटारसी रहीं। प्रथम जिला न्यायाधीश ने सर्वप्रथम जीवोदय बालिका गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में निवास कर रही बच्चों की देखभाल, शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मिय संवाद स्थापित किया और उनके दैनिक जीवन, रुचियों एवं भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। गुणात्मक शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर निरीक्षण के बाद, न्यायाधीश ने संस्थान प्रबंधन को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने विशेष रूप से उनके भविष्य निर्माण में गुणात्मक शिक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बालिकाओं को दी गई विधिक जानकारी
आदित्य रावत, जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति, इटारसी ने बताया कि निरीक्षण उपरांत आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में उपस्थित बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों, बाल संरक्षण एवं न्याय तक आसान पहुंच के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम के आयोजन से यह स्पष्ट होता है कि जिला विधिक सेवा समिति, इटारसी, बच्चों के हितों और उन्हें न्याय सुलभ कराने के लिए प्रतिबद्ध है।








