इटारसी। नवरात्रि से पहले शहर में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से, आज सुबह नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के सभापति राकेश जाधव ने नाला मोहल्ला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड 25 के पार्षद शुभम गौर और वार्ड 26 के पार्षद कुंदन गौर भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान, सभापति ने सफाई कर्मचारियों की लापरवाही पर नाराजी व्यक्त की। दो कर्मचारी अनुपस्थित थे, जिस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जाधव ने वार्ड के जमादारों को स्पष्ट चेतावनी दी, अगर नवरात्रि से पहले किसी भी पंडाल या धार्मिक स्थल के आस-पास गंदगी मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद शुभम गौर ने सभापति को बताया कि कई कर्मचारी दोपहर की ड्यूटी में भी उपस्थित नहीं रहते हैं, जिससे सफाई कार्य प्रभावित होता है। इस शिकायत के बाद, सभापति जाधव ने वार्ड जमादार को अंतिम चेतावनी देते हुए तीनों वार्डों के कर्मचारियों को नाला मोहल्ला क्षेत्र में एक संयुक्त और विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।









