इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने आज वार्ड 22 में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सभापति श्रीमती गीता पटेल भी मौजूद रहीं। यह सड़क विधायक निधि से लगभग 12 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है। अध्यक्ष चौरे ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।
नाली निर्माण भी जल्द
निरीक्षण के दौरान यह जानकारी भी दी गई कि सड़क निर्माण के बाद जल्दी ही इसी क्षेत्र में नाली निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा, जिससे जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
गुणवत्ता और समय सीमा पर जोर
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने मौके पर मौजूद ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता उच्च स्तर की हो, जिससे सड़क टिकाऊ बन सके। सड़क का ढलान सही और संतुलित रखा जाए, ताकि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। निर्माण कार्य को तय समय सीमा के भीतर, निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।
इस अवसर पर इंजीनियर आदित्य पांडे, ठेकेदार शुभम पटेल, संदीप तिवारी, राकेश सोनी, दीपू अग्रवाल सहित अन्य जिम्मेदार लोग उपस्थित थे, जिन्होंने निर्माण से संबंधित सुझाव दिए और आवश्यक दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।








