नर्मदापुरम। शहर की देहात थाना पुलिस ने बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अपनी बातों में फंसाकर ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह को दबोचा है। यह गिरोह खुद को डॉक्टर बताकर लाइलाज बीमारियों को ठीक करने का झांसा देता था और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे ऐंठकर फरार हो जाता था।
ठगी का तरीका
गिरोह मुख्य रूप से 50 वर्ष से अधिक उम्र के बीमार व्यक्तियों को निशाना बनाता था। आरोपी पहले खुद को परिचित बताकर विश्वास जीतते थे, फिर एक विशेषज्ञ डॉक्टर (कथित डॉ. कुणाल पटेल) से मिलवाने का झांसा देते थे। मरीज को अपनी महंगी दवाइयों का डेमो दिखाकर भरोसे में लेते और फिर क्यूआर कोड के जरिए लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लेते थे। पैसा मिलते ही आरोपी अपने मोबाइल फेंक कर राज्य बदल देते थे।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बैंक खातों की जांच के आधार पर राजस्थान के बूंदी जिले के दो आरोपियों, मोहम्मद अली और मोहम्मद अल्ताफ को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी अभी फरार है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।








