भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के अंतर्गत विगत दिनों प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन में नर्मदापुरम जिले के दावेदारों के साक्षात्कार लिए। विभाग के राष्ट्रीय संयोजक व प्रदेश प्रभारी भगवती प्रसाद चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार एवं जिला प्रभारी डॉ. देवेंद्र सूर्यवंशी की उपस्थिति में पैनल में शामिल उम्मीदवारों से संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की गई।
दावेदार इंजीनियर अजय अहिरवाल ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार के बाद प्रदेश प्रभारी अपनी रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को सौंपेंगे, जिसके बाद सशक्त उम्मीदवार का नाम सूचीबद्ध किया जाएगा। साक्षात्कार के दौरान मुख्य रूप से दलित बस्तियों में जन चौपाल लगाने और ग्राम पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने जैसे विषयों पर सवाल-जवाब हुए। गौरतलब है कि संगठन सृजन अभियान के तहत यह प्रक्रिया पहली बार अपनाई जा रही है, जिसमें नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।









