इटारसी। हाल ही में मूंग खरीदी के बाद भंडारित स्टॉक के निरीक्षण के दौरान, ब्लॉक स्तरीय टीम ने दो वेयरहाउसों में मूंग के स्टॉक में अनियमितता पाई है। यह निरीक्षण एसडीएम इटारसी टी. प्रतीक राव और वेयरहाउसिंग मैनेजर के संयुक्त दल ने किया था।
निरीक्षण दल ने चार वेयरहाउसों, प्लैटिनम वेयर हाउस, शिव कृपा वेयरहाउस, सहमत रतनलाल वेयरहाउस और एसडब्ल्यूसी वेयरहाउस का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान, एसडब्ल्यूसी वेयरहाउस और सहमत रतनलाल वेयरहाउस में भंडारित मूंग का कुछ हिस्सा ‘नॉन एफएक्यूÓ यानी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
इस गंभीर अनियमितता के मद्देनजर, अनुविभागीय अधिकारी इटारसी द्वारा जिला स्तरीय दल को आगे की जांच के लिए पत्र भेजा जा रहा है। यह जांच दल इन दोनों वेयरहाउसों में पाए गए गैर-मानक मूंग के स्टॉक की विस्तृत पड़ताल करेगा।
इस घटना से यह सवाल खड़ा हो गया है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान गुणवत्ता मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और दोषी पाए जाने पर संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।









