इटारसी। स्थानीय वृंदावन गार्डन में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन आध्यात्मिक और राष्ट्रभक्ति की धारा बही। कथाव्यास साध्वी राधादेवी ने श्रोताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता ‘देश धर्म’ होना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि देश बचेगा, तभी हम और हमारी संस्कृति सुरक्षित रहेगी।कथा के दौरान साध्वी ने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का मनोहारी वर्णन किया। उन्होंने पूतना उद्धार, माखन चोरी, काली दह मर्दन और कंस वध जैसे प्रसंग सुनाते हुए बताया कि कैसे प्रभु ने अधर्म का नाश कर बृजवासियों को आनंदित किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर श्री भैयादास महाराज ने भी सामाजिक एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें जाति-पाति के भेदभाव को छोड़कर देश की सुरक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए।मंगलवार की कथा में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित हुए, जिन्होंने व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही भाजपा महिला मोर्चा ने भी व्यास पूजन किया। कथा के सफल आयोजन में सेवन स्टार ग्रुप की समिति तन-मन-धन से सेवा कार्य में जुटी हुई है।









