इटारसी। नर्मदापुरम पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए तीन युवतियों को एक बड़ी अनहोनी से बचाया। यह घटना 27 जनवरी की अलसुबह की है, जब इंदौर से आ रही एक निजी बस के चालक ने अमानवीयता दिखाते हुए तीन युवतियों को शहर के बजाय सुनसान हाईवे पर उतार दिया।
करीब सुबह 4:25 बजे, खुशी गुप्ता नाम की युवती ने डायल 112 पर कॉल कर बताया कि वह अपनी दो सहेलियों जन्नत और चेताली के साथ हाईवे पर एक अंधेरी और सुनसान जगह पर फंसी हुई है। बस चालक द्वारा बीच रास्ते उतारे जाने के कारण तीनों युवतियां बेहद डरी हुई थीं।
सूचना मिलते ही डायल 112 के प्रधान आरक्षक संतोष कुमार मालवीय और चालक नीलेश पठारिया तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने युवतियों को सुरक्षा का आश्वासन दिया और उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया। पुलिस की इस तत्परता की पूरे शहर में सराहना हो रही है।










