इटारसी। होली के हुड़दंग और त्योहार के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इटारसी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। रंगों के इस पर्व पर अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए, थाना इटारसी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची और विदेशी शराब जब्त की है।
आगामी होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान छेड़ दिया गया है। इसी कड़ी में आज थाना इटारसी पुलिस ने 4 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामले कायम किए हैं। पुलिस ने कुल 43.74 लीटर शराब जब्त की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 26,490 रुपये बतायी जा रही है। जब्त शराब में कच्ची महुआ शराब 10 लीटर, देशी शराब 90 पाव, अंग्रेजी शराब 76 पाव, बियर 25 केन शामिल है।
पुलिस की इस सघन कार्रवाई से अवैध शराब बेचने वालों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और अवैध रूप से शराब का भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस जब्ती से न केवल शराब की तस्करी पर अंकुश लगा है, बल्कि होली के दौरान होने वाली संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने में भी मदद मिली है। इटारसी पुलिस की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पैनी नजऱ बनी हुई है। आप भी सुरक्षित रहें और रंगों का यह त्योहार खुशियों के साथ मनाएं।








