इटारसी। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। आज, खेड़ा भैरव मंदिर तिराहे पर एसडीओपी महेंद्र मिश्रा और थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान, बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों और बिना जरूरी दस्तावेजों के गाड़ी चला रहे लोगों को रोका गया। पुलिस ने उन्हें यातायात नियमों के महत्व के बारे में समझाया और उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई भी की। इसी तरह, बस और कार चालकों के सीट बेल्ट और वाहनों के दस्तावेज भी सख्ती से जांचे गए।
नियमों का पालन न करने वालों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने लोगों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।









