इटारसी। नगर पालिका प्रशासन इटारसी ने आगामी जनगणना 2027 की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं। प्रथम चरण के अंतर्गत शहर के सभी 34 वार्डों में मकानों की नंबरिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसका निरीक्षण स्वयं मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जनगणना अधिकारी द्वारा किया गया।
इस प्रक्रिया के तहत नगर पालिका के कर्मचारी घर-घर जाकर लाल पेंट से स्पष्ट रूप से मकान नंबर अंकित कर रहे हैं। साथ ही, निर्धारित पंजी में प्रत्येक परिवार और मकान से जुड़ी आवश्यक जानकारी दर्ज की जा रही है। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ऋतु मेहरा ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए कि डेटा संग्रहण में पूर्ण पारदर्शिता और सावधानी बरती जाए, ताकि आगामी जनगणना के आंकड़े सटीक और सुव्यवस्थित रहें।
प्रशासन ने इटारसी के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य के लिए आने वाले कर्मचारियों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और मकानों पर नंबरिंग के कार्य में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना देश की विकास योजनाओं के निर्धारण के लिए एक महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसमें जन-भागीदारी अनिवार्य है।









