इटारसी। सी.पी.ई. स्थित केंद्रीय विद्यालय के सामने एक रिहायशी मकान के आंगन में जहरीला सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सर्पमित्रों की टीम ने समय रहते पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
घर के आंगन में शिकार की तलाश में घूम रहे सांप को देख परिजन घबरा गए। तत्काल इसकी सूचना अधिकारी दिनेश साहू ने सर्पमित्रों को दी। सर्प विशेषज्ञ अभिजीत यादव के निर्देशन में सर्पमित्र हर्ष प्रजापति और उनकी टीम मौके पर पहुंची। लगभग 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद झाड़ियों में छिपे सांप को काबू किया गया। पकड़ा गया सांप लगभग 4 फीट लंबा ‘रसेल वाइपर’ था, जो बेहद जहरीला (हीमोटॉक्सिक) माना जाता है।
रेस्क्यू के बाद टीम ने वहां मौजूद लोगों को रसेल वाइपर की पहचान और उसके खतरे के बारे में जानकारी दी। बाद में सांप को वन परिक्षेत्र के सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।









