इटारसी। इटारसी क्षेत्र की अनुसूचित जनजाति वर्ग की छात्राओं ने खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का नाम रोशन किया है। खंडवा जिले के खालवा में आयोजित विभागीय राज्य स्तरीय 14 वर्ष बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में शासकीय पीएमश्री विद्यालय जमानी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियनशिप शील्ड जीती है।
प्रतिदिन की प्रैक्टिस लाई रंग
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा लेने पहुंची थीं, लेकिन जमानी की बेटियों ने अपने बेहतरीन तालमेल और दमदार खेल प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। पीएम श्री विद्यालय जमानी की छात्राएं प्रतिदिन स्कूल में नियमित रूप से अभ्यास किया करती थीं, और उनकी यह कड़ी मेहनत आज सफलता के रूप में सामने आई है। टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने यह साबित कर दिया है कि लगन और सही मार्गदर्शन से छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।
बेस्ट रेडर और टीम के स्टार खिलाड़ी
जमानी की इस विजेता टीम में शामिल सभी खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम की कुछ प्रमुख खिलाड़ी जिन्होंने विरोधी टीम पर दबाव बनाया। इनमें बेस्ट रेडर रेशमी तेकाम, अन्य प्रमुख खिलाड़ी रोशनी यादव, संध्या यादव, अंकिता धुर्वे, रासा विश्वकर्मा, कनक सैनी और शिखा इवने ने भी शानदान प्रदर्शन किया।
टीम को इस बड़ी सफलता तक पहुंचाने में कोच निकिता धुर्वे और असिस्टेंट कोच सुरुचि धुर्वे के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ये दोनों कोच ही टीम के साथ खालवा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंची थीं। जमानी की इन छात्राओं की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। इस जीत से न केवल छात्राओं का बल्कि उनके स्कूल और पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ा है।









