इटारसी। नगर में आयोजित 69 वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सीतासरन शर्मा विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष मध्यप्रदेश विधानसभा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता पंकज चौरे अध्यक्ष नगर पालिका परिषद इटारसी ने की।
विशेष अतिथियों के रूप में राहुल चौरे भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष, डॉ. मनीष वर्मा संयुक्त संचालक लोक शिक्षण नर्मदापुरम, श्रीमती ज्योति प्रहलादी जिला शिक्षा अधिकारी एवं नीलेश शर्मा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व इटारसी उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ, इसके पश्चात टीआरएम स्कूल के बैंड द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।


प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा के दौरान सर्वप्रथम जनजातीय कार्य विभाग की 14 वर्ष बालिका वर्ग की टीम को फुटबॉल में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। इंदौर संभाग को द्वितीय स्थान एवं भोपाल संभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। जबलपुर संभाग को आर्चरी में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब दिया गया।
आवास व्यवस्था में सहयोग के लिए जीनियस प्लेनेट स्कूल, एक्सीलेंस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, महावीर जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरु नानक पब्लिक स्कूल एवं कुसुम मालपानी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संचालकों को सम्मानित किया गया।
कंट्रोल रूम संचालन हेतु फ्रेन्ड्स स्कूल एवं यातायात सुविधाओं में सहयोग के लिए सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, एमजीएम स्कूल एवं सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य एवं संचालकों को मंच से सम्मान प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। स्वागत भाषण डॉ. मनीष वर्मा ने दिया जबकि आभार प्रदर्शन ज़िला खेल अधिकारी वंदना रघुवंशी ने किया। समारोह का संचालन डीएन व्यास एवं अश्विनी मालवी ने किया।









