इटारसी। जीवोदय संस्था ने आज, 22 नवंबर 2025 को अपने गौरवशाली इतिहास के 25 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे होने के उपलक्ष्य में एक शानदार रजत जयंती समारोह का आयोजन किया। समारोह में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही, जिसमें संस्था के पूर्व छात्रों ने विशेष पहचान बनाई।
मुख्य अतिथि संस्था के पूर्व छात्र अर्जुन ठाकुर, जो वर्तमान में भारतीय सेना में JCO (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) हैं और एकलव्य पुरस्कार विजेता भी हैं। विशेष अतिथि श्रीमती शोमा पाल (रिसोर्स पर्सन, उद्यान केयर), ऐशले एवं श्रीमती जेन बटरफील्ड, और स्टीव कनन के अलावा अन्य गणमान्य अतिथि आर्च बिशप डॉ. दुरईराज, सिस्टर मारिस, अशोक वर्मा, गिरीश शर्मा, और सुबोध जैन रहे।
रंगारंग कार्यक्रम और लघु फिल्म का प्रदर्शन
समारोह में संस्था के बच्चों द्वारा मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर संस्था की 25 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की, जिसने जीवोदय के संघर्षों और सफलताओं को दर्शाया।
समर्पित यात्रा का श्रेय
संस्था की स्थापना निदेशिका सिस्टर क्लारा ने जीवोदय की इस गरिमामयी 25 वर्षों की यात्रा का श्रेय इटारसी के गणमान्य नागरिकों और सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी लोग संस्था की हर विषम और सम परिस्थिति में दृढ़ता से उसके साथ खड़े रहे हैं।
पूर्व छात्रों ने लिया सहयोग का प्रण
रजत जयंती समारोह में संस्था में रहे पूर्व बालक एवं बालिकाएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अपने पुराने घर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, इन पूर्व छात्रों द्वारा 25 वृक्षों का वृक्षारोपण किया गया और उन्होंने संस्था की आगामी यात्रा में निरंतर सहयोग करने का प्रण लिया।








