इटारसी। न्यायालय परिसर में अधिवक्ता संघ इटारसी द्वारा मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर खंडपीठ में पदस्थ न्यायमूर्ति राजेश कुमार गुप्ता के सम्मान में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में वर्धमान स्कूल के बच्चों के बैंड ग्रुप ने सुमधुर धुनों के साथ न्यायमूर्ति की अगवानी की।
मंच पर न्यायमूर्ति राजेश कुमार गुप्ता के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती गुप्ता, नर्मदापुरम जिले की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती ताप्ती शर्मा, विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार, राज्य अधिवक्ता परिषद के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और इटारसी न्यायालय के अतिरिक्त प्रधान जिला न्यायाधीश आदित्य रावत मंचासीन रहे। संघ द्वारा न्यायमूर्ति श्री गुप्ता को स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर, श्रीमती ताप्ती शर्मा और श्री विजय चौधरी का भी विशेष सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में न्यायमूर्ति राजेश कुमार गुप्ता ने वर्ष 1996 में इटारसी न्यायालय में अपनी पदस्थापना के दिनों को याद किया। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए अधिवक्ताओं से संवाद किया। कार्यक्रम को प्रधान न्यायाधीश श्रीमती ताप्ती शर्मा, विजय चौधरी, न्यायाधीश आदित्य रावत, संघ अध्यक्ष रमेश राजपूत और सचिव पारस जैन ने भी संबोधित किया।
समारोह में संघ के पूर्व सदस्य और सेवानिवृत्त अतिरिक्त जिला न्यायाधीश देवीलाल सोनिया का भी अभिनंदन किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने नगर की ओर से न्यायमूर्ति का सम्मान किया। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष श्रीमती ममता नागेश व मनीष बाजपेई, कोषाध्यक्ष राजेश चौरे, सहसचिव विजय दुबे, ग्रंथपाल कंचन मेहरा, जेपी शुक्ला, शासकीय अभिभाषक भूरैसिंह भदोरिया, अनिल शुक्ला, राजा पांडे, जिनेंद्र जैन, अनुराग चौरे सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिवक्ता और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। संचालन पूर्व अध्यक्ष संतोष गुरियानी एवं प्रवक्ता विनोद भावसार ने, आभार प्रदर्शन राजेश चौरे ने किया।









