इटारसी। कामायनी एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री और टीसी के बीच टिकट चैकिंग के दौरान बहस, धक्कामुक्की के बाद प्लेटफार्म पर मारपीट हो गयी। मारपीट में टीसी के गाल से चोट लगने पर खून निकलने लगा। आरोपी यात्री ने स्वयं को वोरीवली मुंबई जीआरपी में होमगार्ड पदस्थ बताया है।
घटना के बाद दोपहर तक नर्मदापुरम और इटारसी जीआरपी थाने में दोनों पक्षों में शिकवा शिकायतों का दौर चला। इटारसी जीआरपी में टीसी की शिकायत दर्ज कर ली है। दोनों पक्ष अपना पैसा, टैब सहित अन्य सामान गुमने की शिकायत कर रहे हैं। फिलहाल टीसी की शिकायत दर्ज हुई है। टीसी ने मीडिया से बातचीत में केवल इतना कहा कि टिकट चैकिंग के दौरान यात्री ने बहस करते हुए मारपीट की है। उनके पास जनरल टिकट था, आरक्षित बोगी में सफर कर रहे थे। कैमरे पर बोलने से साफ मना कर दिया। टीसी ने अपने साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए यात्रियों के खिलाफ इटारसी जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज करायी है।
यह है मामला
कामायनी एक्सप्रेस में जिस यात्री पर मारपीट का आरोप है, उसका नाम शुभम सिंह है जो अपनी मां बिन्दु और पिता ब्रजेश सिंह के साथ भदोही उप्र से मुंबई का सफर कर रहा था। भोपाल और नर्मदापुरम के बीच टीसी टीसी राजेश कुमार ने उनको आरक्षित बोगी में पाया और टिकट मांगा, टिकट जनरल का था। पूछने पर बताया कि मां का एस-7 बोगी की बर्थ नंबर 26 में रिजर्वेशन था, वे लोग जनरल बोगी में थे। सुबह नाश्ता करने के लिए मां के पास आरक्षित बोगी में आए थे, इसी दौरान टीसी आ गया। उन्होंने सारी बात बतायी, लेकिन टीसी मानने को राजी नहीं हुआ और बहस बढ़ती गई।
नर्मदापुरम स्टेशन आने पर दोनों को पकड़कर खींचकर बाहर करने लगा, हमने मना किया कि मां को ट्रेन में छोड़कर नहीं उतरेंगे तो उसने झूमाझटकी की और मारपीट पर उतारू हो गया। पिता ब्रजेश सिंह का स्वेटर खींच दिया। इसी बीच खींचतान में टीसी को चोट लगी है। पैसे चले गये शुभम सिंह ने बताया कि खींचतान में उसके बीस हजार कहां चले गये, पता नहीं। ब्रजेश सिंह ने कहा कि टीसी हमसे पैसा मांग रहा था, नहीं देने पर विवाद और खींचतान और मारपीट किया। हालांकि शुभम सिंह ने कहा कि खींचतान में पैसा गुम हुआ है।









