इटारसी। सांस्कृतिक संस्था स्पिक मैके के तत्वावधान में होशंगाबाद रोड स्थित ग्रीन प्वाइंट मॉन्टेसरी स्कूल में भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथकली का गरिमामय मंचन किया। कार्यक्रम में कलाकारों ने विद्यार्थियों को भारत के समृद्ध इतिहास और शास्त्रीय कला से परिचित कराया।
कलाकार अप्पू कुट्टन ने कथकली के मूल अर्थ को समझाया, वहीं टीम लीडर कोट्टिकल नंदकुमारन नायर ने विभिन्न भाव-भंगिमाओं और नवरस का व्यावहारिक ज्ञान दिया। कलाकारों ने बताया कि कैसे कथा और कली (प्रदर्शन) मिलकर इस कला को पूर्ण करते हैं। उन्होंने हाथी, शेर और अजगर की कहानी के माध्यम से बच्चों को इसकी शब्दावली समझाई।
मंचन के दौरान भीम और कुंती के प्रसंग को जीवंत किया गया, जिसमें भीम द्वारा कुंती की इच्छा पर सुगंधित पुष्प लाने के दृश्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र का आयोजन हुआ। कलाकारों का स्वागत संस्था संचालक श्रीमती नमिता शर्मा एवं प्राचार्य डॉ. जामिर ने किया।










