इटारसी। फसलों के उचित मूल्य न मिलने से नाराज किसानों को विरोध का बिगुल फूंकने किसान कांग्रेस ने आह्वान किया है। किसान कांग्रेस के नर्मदापुरम जिलाध्यक्ष विजय बाबू चौधरी ने किसानों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए आगामी 1 दिसंबर को जिले की सभी कृषि उपज मंडियों में उपज न ले जाने की अपील की है। यह विरोध विशेष रूप से मक्का सहित अन्य फसलों के गिरते दामों को लेकर किया जा रहा है।
मक्का के मूल्य पर विशेष आपत्ति
बाबू चौधरी ने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम नहीं मिल रहा है, जिसका सीधा असर उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से मक्का के वर्तमान बाजार मूल्य पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
सभी मंडियों में उपज न लाने का निवेदन
जिलाध्यक्ष ने जिले के सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे 1 दिसंबर के दिन विरोध प्रदर्शन के रूप में अपनी किसी भी प्रकार की उपज (अनाज, दलहन या तिलहन) को मंडी में बिक्री के लिए न लाएं। यह कदम सरकार और बाजार का ध्यान किसानों की इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने के लिए उठाया जा रहा है। बाबू चौधरी ने अपने संदेश में कहा, हमारा गांव और क्षेत्र के सभी किसानों से निवेदन है कि वे एकजुटता दिखाते हुए इस आंदोलन में हमारा साथ दें। यह संदेश सभी किसान साथियों तक अवश्य पहुँचाया जाए।
किसानों के संघर्ष में साथ
इस संबंध में विजय बाबू चौधरी ने कहा कि वे किसानों के इस संघर्ष में हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। उन्होंने सभी किसान हितैषी साथियों से अपील की है कि वे इस संदेश को अपने-अपने सोशल मीडिया ग्रुप में प्रचारित करें ताकि यह आंदोलन सफल हो सके और किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य मिल सके।









