इटारसी। शहर के सांस्कृतिक समूह ‘निनाद सिंगर्स’ की बहुप्रतीक्षित बैठक आज दीपावली के शुभ अवसर पर समूह के अध्यक्ष आलोक गिरोटिया के निवास पर संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समूह के प्रतिष्ठित ‘किशोर दा’ के गीतों पर आधारित कार्यक्रम की नई तारीख का निर्धारण करना था। समूह के सचिव अमिताभ बैस ने बताया कि यह महत्वपूर्ण बैठक इटारसी के विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा संरक्षक, निनाद सिंगर्स, ब्राह्मण समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र ओझा, और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे की उपस्थिति में आयोजित की गई।
तकनीकी समस्या के कारण बदली तारीख
ग्रुप के सदस्य शशांक बैसाखिया, संजय दीवान, चंद्रेश मालवीय और विशाल पांडेय ने बताया कि पूर्व में यह कार्यक्रम 12 अक्टूबर को आयोजित होना था, लेकिन कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। अब सर्वसम्मति से कार्यक्रम की नई तारीख 9 नवंबर 2025 (रविवार) निर्धारित की गई है।
दीपावली के बाद तैयारियां जोरों पर
निनाद सिंगर्स के अध्यक्ष आलोक गिरोटिया ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश के प्रसिद्ध आयोजनों में से एक है। नई तारीख तय होने के बाद, समूह के सभी गायक कलाकार और सदस्य दीपावली पर्व के समापन के तुरंत बाद कार्यक्रम की तैयारियों में पुन: पुरजोर तरीके से जुट जाएंगे। यह उम्मीद जताई जा रही है कि 9 नवंबर को होने वाला यह कार्यक्रम संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार शाम होगी।








