इटारसी। नेशनल हाईवे पर स्थित पीताम्बरा मोटर गैराज पर कार्यरत एक कर्मचारी के साथ चाकूबाजी की घटना हुई है। घटना में जावेद खान पिता आबिद खान उम्र 24 साल निवासी अवाम नगर इटारसी के पेट में चाकू लगा है।
घटना के बाद उक्त कर्मचारी को तत्काल सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां गंभीर घाव होने के कारण होशंगाबाद रैफर कर दिया। युवक के परिजन उसे नर्मदा अस्पताल ले गये जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के विषय में अभी पुलिस पूछताछ करने में लगी है, लेकिन अधिक जानकारी नहीं मिल पा रही है।
प्राथमिक तौर पर जो कहानी सामने आयी है, उसके अनुसार जावेद के छोटे भाई से किसी का तीन-चार दिन पूर्व झगड़ा हुआ था, तब जावेद ने उसे जाकर डांटा था। आरोपियों ने आज उस बात पर नाराज होकर जावेद को चाकू मार दिया। हालांकि यह कहानी, नर्मदा अस्पताल में जावेद के मित्रों के बीच हुई बातचीत में सामने आयी है। सच क्या है, यह पुलिस जांच के बाद ही पता चल सकेगा।








