इटारसी। शहर में गौ सेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज ‘टीम इटारसी गौसेवक’ के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। गौ सम्मान आव्हान अभियान के तहत आयोजित इस बैठक में गौमाता के सामाजिक सम्मान और उनकी सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैतूल से आए पदाधिकारियों ने किया मार्गदर्शन
बैठक में विशेष रूप से बैतूल से पधारे अभियान के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिरकत की। उन्होंने उपस्थित गौसेवकों को ‘गौ सम्मान आव्हान’ की बारीकियों से अवगत कराया और बताया कि किस प्रकार समाज में गौमाता को उचित सम्मान और स्थान दिलाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है।
संगठन का विस्तार: नई जिम्मेदारी सौंपी
अभियान को तहसील स्तर पर मजबूती प्रदान करने के लिए संगठन द्वारा नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। इसी कड़ी में समर्पित गौसेवक लखन कश्यप को तहसील प्रभारी मनोनीत किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
बैठक में विजय मलैया, राजेश राठौर, इंदर मेहरा, वीरू बाथरी, त्रवेन्द्र चंदेले, मोनेश दमाडे, सूरज साहू, रोहन मालवीय * रिंकू मेहरा, गौरव सोनी, नीतेश केवट और लखन कश्यप शामिल थे। संकल्प: बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर गौवंश की रक्षा और सेवा का संकल्प लिया। नवनियुक्त तहसील प्रभारी लखन कश्यप ने कहा कि वे तहसील के हर गांव और वार्ड में गौ सेवा के इस संदेश को पहुँचाने का पूरा प्रयास करेंगे।









