इटारसी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद केसला के सेक्टर -01 के अंतर्गत नवांकुर संस्था नव क्रांति जनकल्याण समिति के तत्वाधान में समितियों का एकदिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों को सामाजिक गतिविधियों और ग्रामीण विकास की बारीकियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक समन्वयक विवेक मालवीय, नवांकुर संस्था प्रमुख राकेश भट्ट, सरपंच उमेश मरकाम, सेक्टर प्रभारी राजेश मालवीया और तिलोक मनवारे ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। मुख्य प्रशिक्षक राकेश भट्ट ने प्रशिक्षण के दौरान प्रस्फुटन समितियों के उद्देश्यों और उनके सामाजिक उत्तरदायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
न्होंने आदर्श ग्राम और समग्र ग्राम विकास की अवधारणा, सोसायटी पंजीयन, दस्तावेजीकरण और कार्यालय प्रबंधन, वृक्षारोपण, नर्सरी निर्माण और आगामी जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारी, संस्कार केंद्र का संचालन, दीवार लेखन और बोर्ड निर्माण जैसे विषयों पर जानकारी दी। शिविर में नवांकुर सखी सहित सभी प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संचालन राजेश मालवीया ने, आभार प्रदर्शन अनूप चौरे और कंचन धुर्वे ने किया।








