इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता एवं कौशल विकास कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सेबी नागपुर से आए विशेषज्ञ राहुल प्रकाश राव खरवाड़े ने विद्यार्थियों को निवेश के गुर सिखाए।
विशेषज्ञ ने डीमैट, ट्रेडिंग और सेविंग अकाउंट के अंतर को समझाते हुए देश में मात्र 27 फीसद वित्तीय साक्षरता पर चिंता जताई और डिजिटल बाजार के प्रति जागरूक किया। महाविद्यालय में संपन्न 25 दिवसीय प्रशिक्षण के सफल 170 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र बांटे। इसमें टैली 100 विद्यार्थी और कुकिंग-बेकिंग 70 विद्यार्थी शामिल रहे। प्रशिक्षिका श्रीमती सुरजीत बवेजा कुकिंग तथा धर्मेंद्र साहू व अजय मंजारिया टैली को उत्कृष्ट प्रशिक्षण हेतु प्राचार्य द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। संचालन डॉ. पवन कुमार अग्रवाल और डॉ. अर्चना शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें अमित दीक्षित का विशेष योगदान रहा।










