इटारसी। सतपुड़ा के जंगलों से सटे ग्राम धाईं सोठिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए के मूवमेंट ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।पगडंडियों पर तेंदुए के स्पष्ट पंजे के निशान देखे जाने के बाद स्थानीय लोग खौफ में हैं। ग्रामीणों के अनुसार, धाई सोठिया के बाहरी इलाकों में तेंदुआ घूम रहा है। शनिवार को ग्रामीणों ने कई जगहों पर तेंदुए के ताजे और बड़े पंजे के निशान देखे, जिससे इलाके में एक तेंदुआ होने की पुष्टि हुई।
वन समिति अध्यक्ष ने दी सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए, वन समिति खटामा के अध्यक्ष विनोद वारिवा ने तुरंत इस संबंध में वन विभाग को सूचित किया। वारिवा ने वन अधिकारी (एसडीओ) मानसिंह मरावी को फोन पर पूरी जानकारी दी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।
वन विभाग की टीम मौके पर रवाना
एसडीओ मानसिंह मरावी ने सूचना मिलने पर मामले को गंभीरता से लिया है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने वन विभाग की टीम को धाई सोंठिया के प्रभावित क्षेत्रों में रवाना किया है। टीम तेंदुए के पगमार्गों की जांच करेगी, उसके मूवमेंट के पैटर्न को समझने की कोशिश करेगी, और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश देगी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शाम के समय अकेले बाहर न निकलें और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें। वन विभाग का कहना है कि वे स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं और अगर तेंदुआ लगातार रिहायशी इलाकों में मूवमेंट करता रहा, तो उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इनका कहना है…
पास ही जंगल लगा है, तेंदुआ कुत्ते या मवेशी की तलाश में कभी गांव तरफ रात में आ जाते हैं, सूचना मिलने पर हमने स्टाफ को भेजा है, हालांकि उनको तेंदुआ नहीं मिला है। वहां निगरानी करने को स्टाफ को कहा है।
मानसिंह मरावी, एसडीओ फारेस्ट









