इटारसी। ग्रीन पॉइंट एंड मॉन्टेसरी स्कूल में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘म्यूजिकल रामायण’ का अद्भुत और मनमोहक मंचन प्रस्तुत किया। बच्चों ने भगवान श्रीराम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को गीत, संगीत और अभिनय के माध्यम से साकार किया, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुकुल के दृश्य से हुई, जिसके बाद राम-सीता मिलन और फिर राम-सीता विवाह की सुंदर प्रस्तुति ने सबका ध्यान खींचा। कैकयी और मंथरा के संवाद के मार्मिक दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं, रावण वध के रोमांच से भरे दृश्य ने तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का समापन भगवान राम की अयोध्या वापसी और भव्य राम दरबार की झांकी के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बच्चों की वेशभूषा, संवाद अदायगी और आत्मविश्वास से भरे अभिनय ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों का दिल जीत लिया। सभी ने बच्चों की मेहनत और प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
इस संगीतमय प्रस्तुति का सफल निर्देशन ग्रीन पॉइंट मांटेसरी एंड स्कूल के ड्रामा टीचर संदीप राजवंशी ने किया। विद्यालय की शिक्षिकाओं प्रेरणा महतो, अर्चना मंडल, माही चौरे, सिंधु चौरे, भावना शर्मा, आकांक्षा ठाकुर, प्रशांत एवं आवाला ने बच्चों के इस भव्य आयोजन को साकार रूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्कूल प्रबंधन की ओर से रितेश शर्मा, श्रीमती नमिता शर्मा एवं श्रीमती गौरी शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी बच्चों और स्टाफ को बधाई दी।









