इटारसी। जब नन्हे हाथों में गुलाल हो और चेहरे पर मासूम मुस्कान, तो समझ लीजिए कि वसंत की बयार और होली का उल्लास अपने चरम पर है। कुछ ऐसा ही नजारा आज न्यास कॉलोनी स्थित साईं विद्या मंदिर में देखने को मिला, जहां किण्डर गार्टेन के नन्हे सितारों ने फुलटूस धमाल मचाते हुए होली का पर्व धूमधाम से मनाया।
रंग-बरसे और छिड़ी ‘मस्ती की जंग’
स्कूल परिसर आज किसी सतरंगी उपवन जैसा नजर आ रहा था। किण्डर गार्टेन के छोटे-छोटे बच्चों में होली को लेकर जबरदस्त उत्साह दिखा। जैसे ही होली के लोकगीत और मस्ती भरे तराने बजे, बच्चों के पैर खुद-ब-खुद थिरकने लगे। गीतों पर धूम मचाने के लिए बच्चों के बीच मानों एक प्यारी सी प्रतिस्पर्धा छिड़ गई थी। बच्चों ने एक-दूसरे के गालों पर अबीर-गुलाल लगाकर आपसी भाईचारे और दोस्ती की नई इबारत लिखी।
कहानियों से संस्कारों का सिंचन
मस्ती के साथ-साथ शिक्षा का संगम भी दिखा। शिक्षकों ने बच्चों को होलिका दहन और भक्त प्रहलाद की पौराणिक कथा सुनाई, जिसे सुनकर बच्चे रोमांचित हो उठे। उन्हें बताया गया कि होली केवल रंग लगाने का नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की जीत और आपसी द्वेष मिटाकर गले मिलने का पर्व है।
लिया सुरक्षित होली का संकल्प
शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों ने गगनभेदी अंदाज में हैप्पी होली का उद्घोष किया। उत्सव के अंत में सभी बच्चों ने अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और एक बहुत ही महत्वपूर्ण संकल्प दोहराया— सुरक्षित और हर्बल होली खेलने का संकल्प। डायरेक्टर आलोक गिरोटिया और मनीषा गिरोटिया ने कहा कि बच्चों की खिलखिलाहट ही होली के असली रंग हैं। हमारा उद्देश्य बच्चों को अपनी संस्कृति से जोडऩा और उनमें प्रेम भाव विकसित करना है।








