इटारसी। मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ की कार्यकारिणी का विस्तार किया है। संगठन के प्रदेश संरक्षक और संस्थापक, पार्षद राहुल प्रधान ने आदिवासी संस्कृति और समाज की विशिष्ट पहचान को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। बैठक में सर्वसम्मति से आकाश कुशराम को मध्यप्रदेश आदिवासी युवा संघ का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
समाज के विकास पर रहेगा जोर प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद आकाश कुशराम ने बताया कि यह संगठन युवाओं के नेतृत्व में देशहित, समाजहित और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मुख्य प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय के शोषण, अत्याचार और विस्थापन जैसे गंभीर मुद्दों पर काम करना होगा। नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा आकाश कुशराम ने संगठन का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की।
इनमें नर्मदापुरम संभागीय प्रभारी रजत मर्सकोले, संभागीय अध्यक्ष आशीष उइके, जिला अध्यक्ष राघवेंद्र उइके, इटारसी नगर अध्यक्ष सचिन प्रधान, सुनील परते को नगर कार्यकारी अध्यक्ष और विवेक युवने को नगर प्रवक्ता एवं कार्यक्रम संचालक नियुक्त किया गया है। राहुल प्रधान को प्रदेश संरक्षक और विनोद वाड़ीबा को प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी बनाया गया है। बैठक में नवगठित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर रोशन धुर्वे, आशुतोष परते, अमित परते, मोहित मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में युवा साथी मौजूद रहे।









