भोपाल। झांसी में आयोजित 15 वी हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष नेशनल चैम्पियनशिप के फाइनल में मध्यप्रदेश और पंजाब आमने-सामने होंगे। रविवार को मध्यप्रदेश ने मणिपुर को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पूरी हॉकी टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत टीम के खिलाडिय़ों के कठिन परिश्रम, उर्जा और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि फाइनल मुकाबले में भी हमारे खिलाड़ी इसी जोश और जज्बे के साथ खेलकर प्रदेश और देशवासियों का दिल जीतेंगे। खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी मध्यप्रदेश टीम के सभी खिलाडिय़ों के खेल की सराहना कर फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
खेल संचालक राकेश कुमार गुप्ता ने मध्यप्रदेश हॉकी टीम को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की टीम में इटारसी के दो खिलाड़ी मोहम्मद जैद और सुंदरम राजावत खेल रहे हैं, जबकि मध्यप्रदेश राज्य खेल अकादमी के 14 खिलाड़ी हैं।