नर्मदापुरम। एमपीसीए ग्राउंड पर खेले गए सीनियर मेंस संभाग स्तरीय महाराजा यशवंतराव ट्रॉफी के मुकाबले में नर्मदापुरम संभाग ने भोपाल संभाग पर एकतरफा जीत दर्ज की है। ऋत्विक दीवान की कातिलाना गेंदबाजी और राहुल चंद्रौल के शानदार शतक की बदौलत नर्मदापुरम ने न केवल मैच जीता, बल्कि बोनस सहित 7 अंक भी अपने खाते में जोड़ लिए।
317 रनों का मिला था लक्ष्य
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि मैच के तीसरे दिन नर्मदापुरम ने अपनी दूसरी पारी 178/6 से आगे बढ़ाई। आर्यन देशमुख के बहुमूल्य 41 रनों के योगदान से टीम 253 रन बनाने में सफल रही। पहली पारी की 63 रनों की बढ़त को मिलाकर भोपाल के सामने जीत के लिए 317 रनों का विशाल लक्ष्य रखा गया। भोपाल की ओर से सार्थक सोनी, पृथ्वीराज तोमर और पवन निर्वाणी ने 3-3 विकेट झटके, लेकिन वे अपनी टीम की हार नहीं टाल सके।
ऋत्विक दीवान का स्पेल ऑफ द सीजन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल संभाग की टीम नर्मदापुरम के गेंदबाज ऋत्विक दीवान के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। ऋत्विक ने घातक गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 7 विकेट चटकाए। उनका साथ देते हुए हिमांशु शिंदे ने 2 और प्रशांत ने 1 विकेट लिया। पूरी भोपाल टीम महज 130 रनों पर ढेर हो गई और नर्मदापुरम ने 186 रनों के भारी अंतर से जीत दर्ज की।
राहुल और ऋत्विक बने मैन ऑफ द मैच
मैच में कुल 13 विकेट लेने वाले ऋत्विक दीवान और पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले राहुल चंद्रौल को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। एमपीसीए ऑब्जर्वर हर्ष पाण्डेय, चयन समिति चेयरमैन सोहेल अंसारी, अनुराग मिश्रा, कुलभूषण मिश्रा और संजय नाफेड ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया।
नर्मदापुरम की इस ऐतिहासिक जीत पर कोच सुनील शर्मा, मैनेजर मनोहर बिल्थरिया, ट्रेनर ऋषि प्रजापति सहित पूरे ग्राउंड स्टाफ और क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी है। मैच के दौरान अंपायर हर्षित जैन, नीरज तिवारी और स्कोरर संदीप सतनामी ने भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई।









