इटारसी। मध्यप्रदेश डाक परिमंडल के चीफ पोस्ट मास्टर जनरल विनीत माथुर ने नर्मदापुरम डाक संभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और कार्यालयों को सम्मानित किया। इस समारोह में इटारसी मुख्य डाकघर को संभाग में सर्वाधिक डाकघर बचत बैंक खाते खोलने के लिए प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है।
कर्मवीरों की मेहनत लाई रंग
मुख्य डाकघर इटारसी के उपडाकपाल राजेश शर्मा को विशेष रूप से डाक जीवन बीमा महालॉगिन डे पर एक लाख रुपये से अधिक का प्रीमियम अर्जित करने पर सम्मानित किया गया। अपनी इस सफलता पर आभार व्यक्त करते हुए राजेश शर्मा ने कहा, यह सम्मान इटारसी मुख्य डाकघर के उन समस्त कर्मवीर योद्धा कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने सेवा भावना के साथ कार्य किया।
अधिकारियों ने इटारसी टीम के समर्पण और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली की सराहना की। इस उपलब्धि से डाक विभाग के कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है और यह नगर के लिए भी गौरव का विषय है।









